Monday, September 28, 2026

जाति तोड़ो और समाज जोड़ो मुहिम के साथ जन आंदोलनों में सक्रिय रहे डॉ. राकेश रफीक।

जाति तोड़ो और समाज जोड़ो मुहिम के साथ जन आंदोलनों में सक्रिय रहे डॉ. राकेश रफीक।
अंतरजातीय विवाह को बढ़ावा दिया, नाम से जातिगत पहचान हटाने की शुरू की पहल; विभिन्न जन आंदोलनों में निभाई अग्रणी भूमिका। 

बिलारी। जातिगत भेदभाव खत्म करने और सामाजिक एकजुटता के उद्देश्य से जीवनभर सक्रिय रहे वरिष्ठ समाजसेवी, शिक्षाविद और राष्ट्रवादी विचारक डॉ. राकेश रफीक नहीं रहे।  बिलारी श्मशान घाट पर सोमवार को अंतिम संस्कार किया गया। 
जिस दौर में अंतरजातीय विवाह को लेकर सामाजिक विरोध का सामना करना पड़ता था, उस समय उन्होंने स्वयं अंतरजातीय विवाह किया और बाद में सैकड़ों युवाओं के अंतरजातीय विवाह कराए। साम्प्रदायिक सद्भाव और जातिगत भेदभाव समाप्त करने के उद्देश्य से उन्होंने अपने नाम से जातिगत सरनेम हटाकर राकेश के साथ रफीक नाम  जोड़ा और वह डॉ. राकेश रफीक के नाम से ही विख्यात हुए। वह जाति तोड़ो और समाज जोड़ो मुहिम में अग्रणी रहे। 

शादी विवाह में आडंबर को हटाने के उद्देश्य समाज साक्षी विभाग सहजीवन की घोषणा की नवीन पद्धति के तहत स्वयंवर साथियों ने विवाह किया जो संपूर्ण भारत में सराहा गया। यह सभी विवाह पूर्ण सफल रहे।

डॉ. रफीक जेपी आंदोलन, छात्र युवा संघर्ष वाहिनी, अन्ना आंदोलन, नर्मदा बचाओ आंदोलन, स्वामी रामदेव के आंदोलन, विभिन्न किसान आंदोलनों और भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के विरोध से जुड़े आंदोलनों में आखिरी दम तक सक्रिय रहे। 
युवाओं को संगठित करने के लिए नवयुवक संघर्ष समिति, छात्र युवा संघर्ष वाहिनी, किसान संघर्ष समिति, वैज्ञानिक विचार केंद्र, आजादी बचाओ आंदोलन, युवा भारत,तीसरा स्वाधीनता आंदोलन, युवा क्रांति, युवा वतन और नागरिक परिषद बिलारी सहित कई संगठनों के गठन और संचालन में उन्होंने सहयोग किया। जेपी आंदोलन से जुड़ने के बाद लखनऊ, कोलकाता, मुंबई और दिल्ली समेत विभिन्न शहरों में आयोजित आंदोलनों में भी भाग लिया। 

नागरिक परिषद के माध्यम से बिलारी में आयुष चिकित्सालय और गांधी पार्क जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष अंतिम समय तक जारी रहा। उनके निधन पर सैकड़ों लोगों ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान लोगों ने उनकी पत्नी डॉ. मीनाक्षी सखी, बेटी डॉ. झरना व उनके पति रक्षित सिंह, दूसरी बेटी कैप्टन तराना व उनके पति सागर हलदर तथा बहन नीरू जीजी सहित परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया।


बिलारी के लिए भी किए कई संघर्ष
बिलारी के ऐतिहासिक मंदिर पोंडा खेड़ा आंदोलन में भी उन्होंने नेतृत्वकारी भूमिका निभाई। इस आंदोलन में सैकड़ों लोगों ने जेल भरो आंदोलन में भाग लिया। इसके अलावा सरकारी अस्पताल निर्माण, डिग्री कॉलेज, लिंक एक्सप्रेस के ठहराव, ट्यूशन के विरोध, स्मार्ट मीटर, निजी स्कूलों की फीस और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी उन्होंने आंदोलन किए। अस्पताल निर्माण के लिए गठित संघर्ष समिति के माध्यम से आंदोलन चलाया गया, जिसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने शाहबाद रोड पर अस्पताल का शिलान्यास किया। अस्पताल बनने के बाद नगर विकास मंत्री रमाशंकर कौशिक ने इसका उद्घाटन किया। क्षेत्र में शिक्षा का स्तर बढ़ाने के लिए विद्यालयों के निर्माण और छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में भी उन्होंने सहयोग किया। छात्राओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग और ट्यूशन की व्यवस्था भी कराई।

Saturday, September 26, 2026

बिलारी: पूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गान का कार्यक्रम बड़ी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।


बिलारी: दिनांक 25/09/2026 को श्रीमती मीरा अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज अमरपुरकाशी पूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गान का कार्यक्रम बड़ी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जलन और पुष्पार्चन के साथ प्रारम्भ हुआ।

कार्यक्रम के अध्यक्ष मोहन लाल शर्मा, मुख्य वक्ता पान सिंह सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य, मुख्य अतिथि ओम शास्त्री व कार्यक्रम के पर्यवेक्षक ओम प्रकाश शर्मा, सहमंत्री जन शिक्षा समिति पं० उ० प्र० रहें। 
पूर्ण गायन से पूर्व वक्ताओं ने वंदे मातरम्‌ के इतिहास पर प्रकाश डाला । कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य भानु प्रताप गंगवार ने किया। 
कार्यक्रम में पं. विनोद कुमार शर्मा, संतोष, संजीव, पूर्व जिला कार्यवाह संभल,  रघुवीर सैनी, धीरेन्द्र , खंदारी लाल, सोमपाल मौर्य और समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य जी द्वारा सभी बंधुओं का आभार व्यक्त किया गया।

Sunday, September 13, 2026

बाजार गंज में गूंजे गणपति बप्पा मोरया के जयकारे, 250 गणेश स्वरूपों का हुआ अधिवास।

मुरादाबाद: बाजार गंज में गूंजे गणपति बप्पा मोरया के जयकारे, 250 गणेश स्वरूपों का हुआ अधिवास।

मुरादाबाद। बाजार गंज में गणेश महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को भगवान गणेश के विशाल स्वरूप के साथ 250 छोटे गणेश स्वरूपों का विधि-विधान से अधिवास कराया गया। पूजा-अनुष्ठान पुजारी सिद्धेश्वर गुरु और पंडित रविशंकर चतुर्वेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। 
अधिवास के दौरान गेहूं, चावल, चीनी, घी, दूध, दही और गंगाजल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों का प्रयोग किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। गणेश महोत्सव को लेकर बाजार गंज में उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर अनुराग अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, अंकुर गोयल, प्रदीप अरोड़ा, अरविंद मराठा, सोनू मराठा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

sunil diwakar, Yis News channel moradabad 
9411069355

Monday, September 7, 2026

मुरादाबाद:बारिश के बीच डॉ. सीपी सिंह के सामाजिक एकता अधिकार सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब।

बारिश के बीच डॉ. सीपी सिंह के सामाजिक एकता अधिकार सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब।

बिलारी। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मुरादाबाद मंडल के चिकित्सक डॉ. सीपी सिंह के नेतृत्व में रविवार को नगर में मुरादाबाद रोड स्थित भाई जी रिसॉर्ट में सामाजिक एकता अधिकार सम्मेलन का आयोजन किया गया। लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद सम्मेलन में बड़ी संख्या में समर्थक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से पहुंचे। कई लोग छतरियां लेकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे।
बारिश के कारण सम्मेलन स्थल पर पानी भर गया, लेकिन इसके बावजूद समर्थक कार्यक्रम में डटे रहे और मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप का संबोधन सुना।
अपने संबोधन में नरेंद्र कश्यप ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ विरासत को भी आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कश्यप-निषाद समाज के लिए अब तक 200 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च कर स्मारक सहित विभिन्न कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बिना किसी चुनाव के राज्य मंत्री बनाया गया, जिसे कश्यप समाज सम्मान के रूप में देखता है और समाज इसे कभी नहीं भूलेगा।
उन्होंने कहा कि कश्यप समाज के हित भाजपा सरकार में ही सुरक्षित हैं। समाज के लोगों से संगठित होकर भाजपा को मजबूत करने तथा वर्ष 2027 में प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। राज्य मंत्री ने कहा कि डॉ सीपी सिंह काफी समय से समाज सेवा में लगे हैं जो समाज की परेशानियां और जरूरतों को भली-भांति समझते हैं समाज के प्रति उनकी अच्छी सोच है उन्होंने सम्मेलन में उमड़ी भीड़ देखकर खुशी जताई। 
भाजपा नेता डॉ. सीपी सिंह ने कहा कि भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कश्यप समाज के लोगों और समर्थकों का सम्मेलन में पहुंचना उनकी उम्मीद से परे रहा। उन्होंने कहा कि बिलारी से उनका पहले से ही गहरा संबंध है और वह समाज के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने सम्मेलन में पहुंचे सभी लोगों का आभार जताते हुए भाजपा को मजबूत करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में पालिका अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव, पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी, सुरेश सैनी, मुन्ना श्रोत्रिय, पूर्व प्रधान डॉ. बीरबल कश्यप, कल्याण सिंह, डॉ. गीता शर्मा, ऋषिपाल सिंह,  आनंदी प्रसाद प्रजापति, चेयरमैन प्रतिनिधि मंगल सेन सैनी, रामनिवास कश्यप सहित भाजपा के चारों मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भारी बारिश के बीच सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और आयोजकों में उत्साह देखा गया। राजनीतिक दृष्टि से भी इस सम्मेलन को क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रिपोर्ट: YIS NEWS हिन्दुस्तान की आवाज़ 🇮🇳 
बिलारी ब्यूरो चीफ़। 9520009402

Wednesday, August 26, 2026

पहला रक्षासूत्र माता लक्ष्मी ने राजा बलि को बांधा था, वैष्णवाचार्य धीरशांत-अर्द्धमौनी ने बताया रक्षाबंधन का पौराणिक महत्व।

पहला रक्षासूत्र माता लक्ष्मी ने राजा बलि को बांधा था, वैष्णवाचार्य धीरशांत-अर्द्धमौनी ने बताया रक्षाबंधन का पौराणिक महत्व।
मुरादाबाद। रक्षाबंधन 2026 इस वर्ष 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस पावन पर्व को लेकर वैष्णवाचार्य धीरशांत "अर्द्धमौनी" जी ने इसका पौराणिक महत्व बताया। उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार सबसे पहला रक्षासूत्र माता लक्ष्मी ने राजा बलि की कलाई पर बांधा था। भगवान विष्णु को अपने साथ ले जाने के लिए माता लक्ष्मी ने राजा बलि को भाई बनाकर रक्षासूत्र बांधा और भगवान विष्णु को पुनः प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं है, बल्कि यह विश्वास, सुरक्षा, स्नेह और पारिवारिक एकता का पवित्र प्रतीक है। यह पर्व हमें यह संकल्प दिलाता है कि हम सदैव अपनी मातृ-शक्ति की रक्षा, सम्मान और सहयोग करें तथा समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखें। अर्द्धमौनी जी ने इस बार रक्षाबंधन मनाने का सही मुहूर्त और रक्षासूत्र बांधने का मंत्र भी बताया।

सुनील दिवाकर, Yis News channel moradabad 
9411069355

Wednesday, August 5, 2026

ईमानदारी और बेहतर कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं मनीष सक्सेना, अब संभालेंगे नागफनी थाने की कमान।

          नागफनी थाना प्रभारी बने, मनीष सक्सेना



            सिविल लाइन SHO हरीश वर्धन सिंह



ईमानदारी और बेहतर कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं मनीष सक्सेना, अब संभालेंगे नागफनी थाने की कमान।

मुरादाबाद। एसएसपी सतपाल अंतिल ने मंगलवार की रात्रि पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से कई निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किए गए हैं। पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक हरीश वर्धन सिंह को अब प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।वहीं अपनी मेहनत, अनुशासन और बेहतर कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले निरीक्षक मनीष सक्सेना का तबादला प्रभारी निरीक्षक थाना नागफनी के पद पर किया गया है। मनीष सक्सेना सिविल लाइन जैसे संवेदनशील थाने में लंबे समय तक प्रभारी रहे और अपने कार्यकाल में अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया। उनके कार्यकाल में सिविल लाइन क्षेत्र में जनता का पुलिस पर भरोसा बढ़ा। अब उनसे नागफनी क्षेत्र में भी बेहतर कानून-व्यवस्था और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक नागफनी रहे राकेश कुमार सिंह को अब प्रभारी विशेष जांच प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने निर्देश दिए हैं कि सभी नव-तैनात अधिकारी अपने क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने को प्राथमिकता दें।पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल से अपराधियों में खलबली है और आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद है।

सुनील दिवाकर, Yis News channel मुरादाबाद 
9411069355
7668392441

Tuesday, July 28, 2026

इब्राहिमपुर निवासी समाजसेवी हाजी लियाकत हुसैन के निधन पर क्षेत्र में छाया शोक।




बिलारी: इब्राहिमपुर निवासी समाजसेवी हाजी लियाकत हुसैन के निधन पर क्षेत्र में छाया शोक, गन्ना समिति के थे निर्विरोध डेलीगेट, मदरसे के कमेटी के सदर और विधायक के दादा थे बिलारी। क्षेत्र के मोहम्मद इब्राहीमपुर गांव निवासी 90 वर्षीय हाजी लियाकत हुसैन का बीमारी के कारण निधन होने पर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वह सौहार्द और मिलनसारी के लिए पूरे क्षेत्र में जाने जाते थे। सहकारी गन्ना विकास समिति में निर्विरोध डेलीगेट थे इसके अलावा गांव के मदरसा अजीम उल उलूम अहले सुन्नत में कमेटी के सदर थे आसपास के बीस से अधिक ग्रामों के लोगों से प्रतिदिन मिलना जुलना उनकी दिनचर्या में शामिल था। मूल रूप से वह कृषक थे उन्होंने अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ा है। उनके जेष्ठ पुत्र आफाक हुसैन बिलारी तहसील में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं जो छह बार तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी चुने जा चुके हैं। उनके पौत्र आतिफ कमल भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा में प्रदेश कार्यकारिणी के छह साल से सदस्य हैं वर्तमान में स। स्योंडारा सहकारी संघ के उपसभापति के रूप में कार्यरत हैंं तहसील में विधि व्यवसाय भी करते हैं। उनकी इस मिलनसारी को लेकर सवेरे से ही उनके पैतृक गांव में सभी वर्गों के लोगों का उनके अंतिम दर्शनों को टाटा लग रहा। वर्तमान सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान उनके पौत्र हैं इनसे पहले वर्ष 2012 में इनके भतीजे हाजी मोहम्मद इरफान नवगठित बिलारी विधानसभा के प्रथम बार विधायक चुने गए थे। उनके दूसरे भतीजे हाजी मोहम्मद उस्मान एडवोकेट सात बार ग्राम प्रधान रहने के अलावा प्रधान संगठन के भी राष्ट्रीय संगठन में सक्रिय रहे हैं। उनके निधन पर तहसील बार एसोसिएशन ने ग्राम न्यायालय समेत सभी राजस्व अदालतों में न्यायिक कार्य स्थगित कर दिया। तहसील परिसर में शोक सभा का आयोजन हुआ जिसमें सभी अधिवक्ता अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए, मौन रखकर उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की और इसे समाज की एक बड़ी क्षति बताया इसके अलावा अन्य तमाम संगठनों के प्रतिनिधि भी उनके अंतिम दर्शन को पहुंचे। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष संजय जैन, पश्चिमी उद्योग व्यापार मंडल के सुनील आर्य, भारतीय किसान यूनियन के सभी गुट, उत्तर प्रदेश जाट महासभा, बिलारी प्रेस क्लब, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय नेता डॉ गीता शर्मा, भाजपा की प्रांतीय कार्य समिति के सदस्य सुरेश सैनी, सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शाकिर मलिक, कल्लू प्रधान रूपपुर समेत राजनीतिक दलों के लोगों ने भी गहरी शोक संवेदना जताई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सभी अधिकारी कर्मचारियों ने पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन किए और संवेदना व्यक्त की। उनका दफ़न गांव के ही कब्रिस्तान में हुआ इस दौरान बड़ी तादाद में लोग नाम आंखों से शामिल रहे।


जाति तोड़ो और समाज जोड़ो मुहिम के साथ जन आंदोलनों में सक्रिय रहे डॉ. राकेश रफीक।

जाति तोड़ो और समाज जोड़ो मुहिम के साथ जन आंदोलनों में सक्रिय रहे डॉ. राकेश रफीक। अंतरजातीय विवाह को बढ़ावा दिया, नाम से जातिगत प...