बिलारी: बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल संकट और बेरोजगारी को लेकर शिवसेना ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
बिलारी। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी बिलारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, ईंधन संकट, महंगाई, बेरोजगारी और गिरते रुपये की स्थिति पर चिंता जताते हुए राष्ट्रपति के नाम मांगपत्र भेजा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि देश एक कृषि प्रधान और विकासशील राष्ट्र है, जहां किसान और आम नागरिक पहले से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी से किसानों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। किसानों को सिंचाई और कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त डीजल नहीं मिल पा रहा, जिससे खेती प्रभावित हो रही है।
शिवसेना पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि एक ओर आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है, वहीं दूसरी ओर सत्ताधारी नेताओं द्वारा साइकिल, मेट्रो, बस और ऑटो में सफर कर रील और फोटो खिंचवाकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में इसे आम जनमानस का उपहास बताते हुए ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से सरकार से किसानों के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने, गैस एजेंसियों में सिलेंडर की कमी की जांच कराने तथा युवाओं के लिए रोजगारपरक योजनाएं लागू करने की मांग की गई। साथ ही गिरते रुपये की वजह से व्यापारियों, निर्यातकों और लघु उद्योग संचालकों में बढ़ रही चिंता का भी उल्लेख किया गया।
शिवसेना ने ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण मांगें रखते हुए सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के वेतन व खर्चों में 50 प्रतिशत कटौती, सरकारी दौरों और विदेश यात्राओं पर रोक, निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों की फीस नियंत्रित करने, निजी अस्पतालों की फीस कम कराने तथा ऑनलाइन बाजार व्यवस्था पर नियंत्रण लगाने की मांग उठाई।
ज्ञापन सौंपने वालों में शिवसेना के जिला उप प्रमुख राजीव सक्सेना, हरी बाबू, सुशील शर्मा, महेश सिंह, संतोष कुमार, विनोद यादव, रविशंकर रस्तोगी, मनोज गुप्ता, अमन गुरुजी, गौतम, राजीव ठाकुर, संजय गुप्ता, मयूर गुप्ता, भूरा भाई, कुश सक्सेना, अभिषेक शर्मा, अमित गुप्ता, सौरव सक्सेना, विशाल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे। फोटो सहित
No comments:
Post a Comment