बिलारी में शनिवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में वरिष्ठ स्थायी सफाई नायक प्रदीप कुमार (56) की दिल्ली एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से नगर पालिका कर्मचारियों और परिजनों में दुख का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 1992 से वरिष्ठ स्थायी सफाई नायक प्रदीप कुमार शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे कर्मचारियों की तैनाती का निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के बाद वह अपनी एक्टिवा से 52 फुटा शाहबाद रोड से घर लौट रहे थे।
हादसे के समय उनके साथ आउटसोर्सिंग कर्मचारी ऋषिपाल (25) भी थे, जो सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घायल प्रदीप कुमार को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मुरादाबाद के हायर सेंटर रेफर किया गया।
मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भी चिकित्सकों ने प्रदीप कुमार की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल रेफर कर दिया। शनिवार देर रात एम्स में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
मृतक प्रदीप कुमार बिलारी के मोहल्ला कोरियान वाल्मीकि बस्ती के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्री और तीन पुत्र हैं। उनकी पत्नी और एक पुत्र भी आउटसोर्सिंग सेवा में कार्यरत हैं।
पोस्टमार्टम के बाद शव बिलारी लाया गया जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों ने थाना पुलिस को तहरीर दी, उसी आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
No comments:
Post a Comment